Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरसिटी एक्सप्रेस स्पेशल
*निर्मल आश्रम अस्पताल में उन्नत ब्रोंकोस्कोपी मशीन का लोकार्पण, ऋषिकेश में एम्स के बाद पहली बार उपलब्ध हुई अत्याधुनिक श्वास जांच सुविधा*

(रिपोर्ट@ईश्वर शुक्ला) ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर- चिकित्सा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे निर्मल आश्रम अस्पताल ऋषिकेश में मंगलवार को चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। अस्पताल में आधुनिक तकनीक से युक्त ब्रोंकोस्कोपी मशीन का लोकार्पण निर्मल आश्रम के महंत बाबा राम सिंह जी महाराज द्वारा किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से अब ऋषिकेश शहर में एम्स के बाद यह अत्याधुनिक जांच सुविधा केवल निर्मल आश्रम अस्पताल में ही उपलब्ध होगी।
लोकार्पण अवसर पर महंत बाबा राम सिंह जी महाराज ने कहा कि रोगियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना ही सच्ची मानव सेवा है, जिससे समाज और सेवा दोनों का कल्याण होता है। संत जोध सिंह जी महाराज ने भी निर्मल आश्रम द्वारा चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।


अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि ब्रोंकोस्कोपी श्वास रोगों की सुरक्षित, सटीक और आधुनिक जांच पद्धति है, जो अब अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
श्वास रोग विशेषज्ञ डॉ. अखलेश ने जानकारी दी कि इस जांच के माध्यम से फेफड़ों और श्वास नलियों की अंदरूनी स्थिति का परीक्षण किया जाता है। लंबे समय से खांसी, बलगम में खून, टीबी, फेफड़ों के संक्रमण, गांठ या कैंसर की जांच, सांस फूलने की समस्या तथा श्वास नली में फंसी बाहरी वस्तु निकालने में यह जांच अत्यंत उपयोगी है।
इस अवसर पर डॉ. अजय शर्मा, डॉ. मो. शोएब, डॉ. अखलेश, डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. जगमोहन सिंह राणा, डॉ. अश्वनी कंडारी, डॉ. हेमंत कपरूवान, करमजीत सिंह एवं प्रदीप बक्शी सहित अस्पताल के अनेक चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित रहे।





