Blogउत्तराखंड भास्करखास खबरदेहरादूननैनीतालसिटी एक्सप्रेस स्पेशल
*एसटीएफ व वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, गुलदार तस्करी का खुलासा, नैनीताल में दो गुलदारों की खाल व हड्डियों के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार*

(रिपोर्ट@ईश्वर शुक्ला)
देहरादून/नैनीताल/उत्तराखंड भास्कर- उत्तराखंड में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) एवं नैनीताल वन प्रभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में नैनीताल के पंगोट क्षेत्र से एक शातिर वन्यजीव तस्कर को दो गुलदार (लेपर्ड) की खाल तथा भारी मात्रा में गुलदार की हड्डियों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महेश सिंह कपकोटी 29 पुत्र स्व. जसवंत सिंह, निवासी कपकोट, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर के रूप में हुई है। बरामद की गई गुलदार की खालें क्रमशः 7 फीट एवं 6 फीट लंबी हैं, जबकि गुलदार की हड्डियों का वजन लगभग 4.350 किलोग्राम बताया गया है। प्रारंभिक जांच में खालों के लगभग छह माह पुरानी होने की संभावना जताई जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के निर्देश पर वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त गिरोहों के विरुद्ध एसटीएफ को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में सीओ एसटीएफ आर.बी. चमोला के निर्देशन में एसटीएफ, नैनीताल वन प्रभाग एवं नैनीताल पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
एसटीएफ को लंबे समय से इनपुट मिल रहा था कि जनपद बागेश्वर क्षेत्र से वन्यजीव अंगों की तस्करी की जा रही है। शुक्रवार को जब अभियुक्त गुलदार की खालें बेचने की नीयत से नैनीताल पहुंचा, तो संयुक्त टीम ने उसे नगरपालिका फॉरेस्ट रेंज क्षेत्र में दबोच लिया।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि गुलदार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल है, जिसका शिकार करना एक गंभीर अपराध है। अभियुक्त के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की सुसंगत धाराओं में नगरपालिका फॉरेस्ट रेंज, नैनीताल में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। विस्तृत पूछताछ जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने बताया कि एसटीएफ से सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तस्कर को पंगोट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में उसके अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीव तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत निकटतम पुलिस थाने या एसटीएफ उत्तराखंड (0135-2656202) पर सूचित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड एसटीएफ आगे भी वन्यजीव तस्करों के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रखेगी।





