Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरदेहरादूनसिटी एक्सप्रेस स्पेशल

*ऋषिकेश में अवैध बहुमंजिला भवन ध्वस्त, एमडीडीए की सख्त कार्रवाई, एसडीएम योगेश मेहरा का स्पष्ट संदेश नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी कोई राहत*

(रिपोर्ट@ईश्वर शुक्ला)
ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर- मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आज मंगलवार को बीरभद्र रोड, बीरभद्र शिव मंदिर के समीप भावेश जोशी आदि द्वारा निर्मित अवैध बहुमंजिला भवन को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई  पूर्व में पारित ध्वस्तीकरण आदेश के अनुपालन में की गई।
प्राधिकरण के अनुसार भवन स्वामी भावेश जोशी आदि द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र एवं नियमों का उल्लंघन कर बहुमंजिला निर्माण किया गया था। इस संबंध में प्राधिकरण द्वारा पूर्व में चालान व नोटिस जारी कर स्वयं अवैध निर्माण हटाने का अवसर दिया गया, लेकिन तय समयावधि में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाते हुए भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई अमल में लाई।
ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्राधिकरण के अभियंता, तकनीकी टीम एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और भारी मशीनों की सहायता से चार मंजिला भवन को पूरी तरह गिराया जा रहा है।
एमडीडीए के पीठासीन अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई एक चेतावनी है कि बिना स्वीकृति निर्माण करने वालों को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी।
वहीं सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज ने बताया कि भवन स्वामी को सभी वैधानिक प्रक्रियाओं के तहत नोटिस और समय दिया गया था। निर्धारित अवधि में अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। आगे भी प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
एमडीडीए ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button