Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरटिहरी गढ़वाल

*सामाजिक कुरीतियों का अंत जनजागरूकता से ही संभव,  बाल कल्याण समिति टिहरी ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज धुआंधार में चलाया जनजागरूकता अभियान*

(रिपोर्ट@संवाददाता)                                      नरेन्द्रनगर/उत्तराखंड भास्कर – बाल श्रम, भिक्षा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम हेतु बाल कल्याण समिति, टिहरी गढ़वाल द्वारा पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, धुआंधार में एक दिवसीय जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ऋषि कुमार ने की। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों का अंत केवल जन जागरूकता से ही संभव है। समाज के हर वर्ग को आगे आकर बच्चों के अधिकारों की रक्षा करनी होगी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को बाल विवाह की समस्या, उसके कारणों, दुष्परिणामों और रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक करना है। बाल विवाह जैसी कुप्रथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में बाधा डालती है और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता से वंचित करती है।
ऋषि कुमार ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने भीतर की प्रतिभाओं को पहचानें और समाज की चुनौतियों का डटकर सामना करें। साथ ही उन्होंने बाल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर समिति के सदस्य राजेन्द्र सिंह गुसाईं ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी और इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी बच्चे को आवश्यकता पड़ने पर इस नंबर के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने पोक्सो एक्ट के अंतर्गत बच्चों को मिलने वाले कानूनी अधिकारों की भी विस्तार से जानकारी दी।
समिति के सदस्य मस्तराम डौभाल ने कहा कि समिति का मुख्य कार्य समाज से भटके हुए बच्चों को मुख्यधारा में जोड़ना और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सी.एल. सुमन ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में समय-समय पर सामाजिक संस्थाओं और विधिक प्राधिकरण द्वारा ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इससे विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सी.एल. सुमन, पंकज रावत, राकेश कुमार, हेमराज, यू.एस. रावत, हरेराम राय, दीपक रावत, शीला बिष्ट, केशवानंद भट्ट, सुरेन्द्र सिंह जेठूरी, अजब सिंह सैनी, सुनील सिंह जेठूरी सहित लगभग 200 छात्र-छात्राएँ और शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button