Blogउत्तराखंड भास्करखास खबरदेहरादूनसिटी एक्सप्रेस स्पेशल

*फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का भंडाफोड़, STF की बड़ी कार्रवाई, अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े आरोपी के पास से अवैध पिस्टल व फर्जी लाइसेंस बरामद*

(रिपोर्ट@संवाददाता)
देहरादून/उत्तराखंड भास्कर-  उत्तराखण्ड एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाकर अवैध हथियार रखने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस, एक अवैध सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.30 बोर) और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखण्ड से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ के निर्देशों पर, पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ डॉ. नीलेश आनन्द भरणे के नेतृत्व में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ आर.बी. चमोला की निगरानी में गठित टीम ने गुरुवार देर रात केहरीगांव, थाना प्रेमनगर क्षेत्र से मनोज पुत्र भोपाल सिंह निवासी शामली (उ.प्र.) हाल निवासी देहरादून को गिरफ्तार किया।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली थी कि बाहरी राज्यों से फर्जी तरीके से शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उन्हें उत्तराखण्ड की शस्त्र पंजिका में दर्ज कराया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी का शस्त्र लाइसेंस मेरठ के माध्यम से देहरादून स्थानांतरित दर्शाया गया, जबकि मूल रूप से वह सिरसा (हरियाणा) से जारी होना बताया गया था। सिरसा जिलाधिकारी कार्यालय से पुष्टि में यह लाइसेंस कभी जारी न होने की बात सामने आई।
इस आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना प्रेमनगर देहरादून में मुकदमा संख्या 09/2026 धारा 420, 467, 468, 471 भादवि एवं 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस तरह के कई फर्जी लाइसेंस उत्तराखण्ड के विभिन्न जिलों में दर्ज कराए गए हैं, जिनकी विस्तृत जांच जारी है।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी धोखाधड़ी, बलवा और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। अन्य राज्यों से भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
आरोपी के पास से एक अवैध सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.30 बोर), पांच जिंदा कारतूस और एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किया।
कार्रवाई करने वाली एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उप निरीक्षक विद्यादत्त जोशी, अपर उप निरीक्षक मनोज बेनीवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button