*तिरंगे के रंग में रंगा डोईवाला गूंजे देशभक्ति के नारे, भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, नेताओं ने जगाया देश सेवा का संकल्प*

(रिपोर्ट@भारत गुप्ता) डोईवाला/उत्तराखंड भास्कर – स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने से पहले डोईवाला बुधवार को तिरंगे की लहराती धाराओं और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। भाजपा संगठित जिला ऋषिकेश की ओर से डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला के नेतृत्व में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों कार्यकर्ता,एस एस बी के जवान, महिलाएं, युवा और स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा थामे,भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से माहौल में देशप्रेम की लहर दौड़ाते नजर आए।
तिरंगा यात्रा प्रेमनगर बाजार स्थित रेडियंट पब्लिक स्कूल से प्रारंभ होकर प्रेमनगर बाजार, मिल रोड,नगर चौक,देहरादून रोड,ब्लॉक प्रांगण में जाकर संपन्न हुई I पूरे मार्ग पर लोगों की भीड़, तिरंगों की कतार और जोश से भरे नारों ने आजादी का उत्सव समय से पहले ही शुरू कर दिया।
कार्यक्रम में पहुंचे संगठन मंत्री अजेय ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना है। आज के युवाओं को यह समझना होगा कि तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि यह हमारी पहचान, हमारी संस्कृति और हमारे गौरव का प्रतीक है। हमें अपने देश के प्रति समर्पण, अनुशासन और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना होगा, तभी भारत विश्व में अग्रणी राष्ट्र बन सकता है।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि आजादी हमें बहुत बड़ी कुर्बानियों और बलिदानों के बाद मिली है। हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को गुलामी की बेड़ियों से आज़ाद कराया। तिरंगा न सिर्फ हमारी आजादी का प्रतीक है, बल्कि यह हमें हमेशा एकजुट रहने और देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए काम करने की प्रेरणा देता है। तिरंगे की शान और सम्मान की रक्षा करना हर भारतीय का पहला कर्तव्य है।”
जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा, एकता और अखंडता का प्रतीक है। आज जब हम तिरंगे को गर्व से लहराते हैं, तो यह हमें उन वीरों की याद दिलाता है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजाद कराया। तिरंगा हमें यह भी सिखाता है कि चाहे हमारी विचारधाराएं अलग हों, लेकिन राष्ट्र के सम्मान और प्रगति के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। इसी एकजुटता में देश की ताकत छिपी है।”
पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी ने कहा कि तिरंगा हमें राष्ट्र निर्माण और देश सेवा के लिए प्रेरित करता है।तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि हमारे देश का गौरव और आत्मसम्मान है, इसे सम्मानित रखना हम सबका कर्तव्य है।