Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरदेहरादूनसिटी एक्सप्रेस स्पेशल

*पीएम श्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय मनीराम मार्ग में हर्षोल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस, प्रभातफेरी, देशभक्ति नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा विद्यालय परिसर*

 

(रिपोर्ट@संवाददाता)                                      ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर-  पीएम श्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-8, मनीराम मार्ग ऋषिकेश में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना गैरोला के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई प्रभातफेरी से हुआ। प्रभातफेरी विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मनीराम मार्ग के चारों ओर भ्रमण करती हुई बाजार क्षेत्र तक निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने घोष की गूंज और देशभक्ति पूर्ण नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का प्रभावशाली संदेश दिया। प्रभातफेरी को देखने के लिए क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इसके पश्चात विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति नाटक, भाषण प्रतियोगिता एवं अन्य रंगारंग प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में देश के प्रति प्रेम, आत्मविश्वास और अनुशासन स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय की सह-शिक्षिका वंदना शर्मा का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में सभी गतिविधियाँ सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। आयोजन को सफल बनाने में लतिका, संजीता, महक तथा योगाचार्य उज्ज्वल चमोली का सराहनीय सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button