Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरदेहरादूनसम्मानितसिटी एक्सप्रेस स्पेशल

*निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी का 21वां वार्षिक समारोह हर्षोल्लास से संपन्न, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मेधावी छात्राओं के सम्मान और शिक्षा के मूल्यों का भव्य संगम*

(रिपोर्ट@ईश्वर शुक्ला)
ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर-  निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी, खैरी कलां का 21वां वार्षिक समारोह बुधवार को अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक महंत बाबा राम सिंह महाराज, प्रबंधक संत बाबा जोध सिंह महाराज, मुख्य अतिथि डॉ. डी.एस. मान (अध्यक्ष एवं संस्थापक, दून इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून) तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. रिचा चोपड़ा (असिस्टेंट प्रोफेसर, आई.आई.टी. खड़गपुर) एवं डॉ. इंदु वर्मा (नेशनल डायरेक्टर, विस्टा माइंड फाउंडेशन) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इसके पश्चात प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं गुरबाणी शबद कीर्तन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
समारोह में विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मधुर भजन “सांसों की माला पर सिमरूं मैं तेरा नाम” से हुई।
इसके उपरांत ‘विकसित भारत’ विषय पर आधारित नृत्य-नाटिका ने राष्ट्र निर्माण, सकारात्मक सोच एवं सामाजिक मूल्यों का प्रभावशाली संदेश दिया।
कथक फ्यूजन क्लासिकल डांस ने शास्त्रीय गरिमा और आधुनिक अभिव्यक्ति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया, जबकि पौराणिक कथा पर आधारित नाटक ‘भगत पुंडरीक’ का मंचन दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। छात्राओं का ऊर्जावान भांगड़ा नृत्य ढोल की थाप पर कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बना।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता शर्मा ने मंच से अतिथियों का स्वागत करते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और विद्यालय की शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका “ज्ञान दीपक” का भव्य विमोचन भी किया गया।
वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सलोनी राजभर, रितु कुमारी एवं सिया कटारिया को पुरस्कार एवं नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त कक्षा 10 की छात्राएं तन्वी पोखरियाल, वैष्णवी एवं दीपिका को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
विद्यालय की निरंतर प्रगति, अनुशासित वातावरण एवं गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा हेतु प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता शर्मा के उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा सम्मानित किया गया, जो उनके दूरदर्शी नेतृत्व एवं समर्पित सेवा का प्रमाण है।
मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी में शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, संस्कार और आत्मविश्वास पर विशेष बल दिया जाता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और स्टाफ के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था की निरंतर प्रगति की कामना की।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन ज्योति पंवार, कक्षा 12 के प्रभात कुमार एवं अनुष्का उनियाल ने किया। संगीत विभाग से दीपमाला कोठियाल, सरदार गुरजिंदर सिंह एवं प्रदीप कुमार का विशेष योगदान रहा।
अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अमृतपाल डग ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। महंत बाबा राम सिंह जी महाराज द्वारा अतिथियों को सिरोपा भेंट कर आशीर्वाद दिया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button