Blogआस्थाउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरटिहरी गढ़वालसिटी एक्सप्रेस स्पेशल
*23 अप्रैल को खुलेंगे श्री बदरीनाथ धाम के कपाट, वसंत पंचमी पर टिहरी राजदरबार में तय हुई तिथि, 7 अप्रैल से निकलेगी गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा*

(रिपोर्ट@ईश्वर शुक्ला)
नरेंद्र नगर/ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर- चारधाम यात्रा 2026 की आधिकारिक शुरुआत की दिशा में बड़ा ऐलान करते हुए श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी गुरुवार 23 अप्रैल को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। वहीं, परंपरा अनुसार गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा मंगलवार 7 अप्रैल से प्रारंभ होगी।
आज वसंत पंचमी के पावन अवसर पर नरेंद्र नगर (टिहरी) स्थित राजमहल में आयोजित धार्मिक समारोह में विधि-विधान और पंचांग गणना के बाद कपाट खुलने की तिथि का विधिवत निर्धारण किया गया। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट तिथि घोषित करते हुए कहा कि तिथि तय होते ही चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं और यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़ी कार्ययोजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शीतकालीन यात्रा के साथ-साथ आगामी चारधाम यात्रा को लेकर भी बीकेटीसी पूरी तरह फोकस में है। इस शुभ अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा का आमंत्रण देते हुए बधाई भी दी।


टिहरी राजमहल में शुक्रवार को प्रातः साढ़े दस बजे से धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गया था। दोपहर बाद महाराजा मनुजयेंद्र शाह की उपस्थिति में पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके पश्चात राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने पंचांग गणना एवं महाराजा की जन्मकुंडली का अवलोकन कर विधि-विधान से श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित की।
तिथि के साथ ही गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा की तिथि भी निर्धारित की गई। इससे पूर्व श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा गाडू घड़ा तेल कलश को राजमहल के सुपुर्द किया गया।
इस अवसर पर महाराजा मनुजयेंद्र शाह के साथ सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, रावल अमरनाथ नंबूदरी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवाण, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, मंदिर समिति के सदस्य, श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारी, धर्माधिकारी, वेदपाठी, तीर्थ पुरोहित, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।





