*ऋषिकेश पुलिस की बड़ी कामयाबी, एक किलो से अधिक चरस और स्मैक के साथ तस्कर दबोचा, उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में चेकिंग अभियान के दौरान कार्रवाई, मोटरसाइकिल समेत मादक पदार्थ बरामद, आरोपी ने भानियावाला से लाकर ऋषिकेश में सप्लाई करने की बात कबूली*

(रिपोर्ट@संवाददाता) ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर- जनपद को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने नियमित चेकिंग अभियान के दौरान एक अंतरजनपदीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 202 ग्राम अवैध चरस और 7.01 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद मादक पदार्थों को आरोपी मोटरसाइकिल से सप्लाई करने ले जा रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। कृष्णा नगर लेबर कॉलोनी तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से भारी मात्रा में चरस और स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान परमजीत उर्फ रसगुल्ला (22 वर्ष), निवासी काले की ढाल, ऋषिकेश के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह भानियावाला क्षेत्र से एक व्यक्ति से मादक पदार्थ लेकर ऋषिकेश में नशे के आदी लोगों को बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने के लिए वह चरस में धूपबत्ती का पाउडर मिलाकर बेचता था। आरोपी के कब्जे से यूके-07-एचसी-7543 नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस अब उसके द्वारा बताए गए सप्लायर पंचम नाथ सहित पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बताया कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी कीमत पर युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं नशा तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार और कांस्टेबल गौरव यादव शामिल रहे।




