Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरटिहरी गढ़वालसिटी एक्सप्रेस स्पेशल

*मिशन मुस्कान’ बना लोगों की खुशी का कारण, टिहरी पुलिस ने 147 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर लौटाईं लोगों की यादें, 25 लाख से अधिक के मोबाइल स्वामियों को किए सुपुर्द*

 

(रिपोर्ट@संवाददाता)                                    मुनिकीरेती/उत्तराखंड भास्कर-  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में टिहरी पुलिस का ‘मिशन मुस्कान’ आमजन के चेहरों पर खुशी लौटाने का माध्यम बन गया है। आधुनिक तकनीक, संवेदनशील पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई के जरिए वर्ष 2026 के दौरान टिहरी पुलिस ने 147 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस की इस पहल को आमजन के साथ-साथ विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों द्वारा भी सराहा जा रहा है।

टिहरी पुलिस द्वारा बरामद किए गए मोबाइल फोनों में सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर पंजीकृत 46 मोबाइल फोन विभिन्न राज्यों से ट्रेस कर बरामद किए गए, जबकि 101 मोबाइल स्थानीय नागरिकों और टिहरी भ्रमण पर आए पर्यटकों के थे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने भावुक होकर पुलिस का आभार जताया। कई लोगों ने कहा कि मोबाइल उनके लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि परिवार की तस्वीरों, जरूरी दस्तावेजों, संपर्कों और अनगिनत यादों का खजाना था। विशेष बात यह रही कि जिन पर्यटकों के मोबाइल गुम होने के बाद वे अपने गृह राज्यों को लौट चुके थे, उनके मोबाइल भी पुलिस द्वारा सुरक्षित रूप से कोरियर के माध्यम से भेजे जा रहे हैं।

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन का विश्वास जीतना भी है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का मोबाइल उसकी निजी जानकारियों और भावनात्मक यादों से जुड़ा होता है, इसलिए पुलिस प्रत्येक पीड़ित को राहत पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम अथवा चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक अवश्य कराएं, जिससे मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सके और उसके बरामद होने की संभावना बढ़ सके।

Related Articles

Back to top button