Blogआस्थाउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरदेहरादून

*1008 कुंडीय यज्ञ के बाद बारिश में फैली सामग्री को लेकर वायरल वीडियो पर आयोजकों का पलटवार, हरिओम महाराज बोले भव्य आयोजन को बदनाम करने का प्रयास, महापौर शंभू पासवान ने कहा पूरे आयोजन में रही सफाई व्यवस्था, बारिश के बाद की तस्वीरों को गलत संदर्भ में किया वायरल*

 

(रिपोर्ट@संवाददाता)                                      ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर-  त्रिवेणी घाट पर चतुर्थ अंतरराष्ट्रीय यज्ञ दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य 1008 कुंडीय यज्ञ के समापन के बाद तेज बारिश के दौरान की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से विवाद खड़ा हो गया। वायरल वीडियो में हवन कुंडों के आसपास दिखाई दे रही यज्ञ सामग्री और कुछ पैकेटों को लेकर सवाल उठाए गए। आयोजकों ने इसे पूरे आयोजन की वास्तविक तस्वीर के बजाय बारिश के बाद की स्थिति को गलत संदर्भ में पेश करना बताया।

यज्ञसम्राट हरिओम महाराज ने कहा कि कार्यक्रम पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। हवन, वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि यज्ञ समाप्त होते ही अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण लोग हवन कुंडों से हट गए और इसी दौरान कुछ सामग्री इधर-उधर हो गई। महाराज ने कहा कि पूरे आयोजन को नजरअंदाज कर केवल अंतिम समय की तस्वीरों के आधार पर यज्ञ और सनातन परंपरा पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने बारिश को आस्था से जोड़ते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए इंद्रदेव का आगमन भी शुभ संकेत है।

वहीं, महापौर शंभू पासवान ने कहा कि आयोजन को लेकर नगर निगम की सफाई व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की गई थी और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखी गई, लेकिन समापन के ठीक बाद आई तेज बारिश के कारण श्रद्धालु तत्काल वहां से हट गए और कुछ हवन सामग्री व पैकेट इधर-उधर दिखाई दिए। महापौर ने कहा कि सोशल मीडिया पर पूरे कार्यक्रम के बजाय केवल अंतिम समय की बारिश की तस्वीरें प्रसारित कर पूरे आयोजन की छवि को अलग तरीके से पेश किया गया।

आयोजकों ने कहा कि 1008 कुंडीय यज्ञ जैसे बड़े आयोजन में अचानक बारिश के दौरान थोड़ी सामग्री इधर-उधर दिखाई देना पूरे आयोजन की व्यवस्था का प्रमाण नहीं हो सकता। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी फोटो या वीडियो को बिना पूरा संदर्भ जाने साझा न करें। आयोजकों के अनुसार, भव्य आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साह और आस्था के साथ भाग लिया तथा कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button