Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरटिहरी गढ़वालसिटी एक्सप्रेस स्पेशल

*जीरो वेस्ट थीम पर सात दिवसीय होगा क्रेजी पर्यटन एवं विकास मेला, नीलम बिजल्वाण बनीं मेलाध्यक्ष, चंद्रवीर पोखरियाल को मिली मेला संयोजक की जिम्मेदारी*

 

(रिपोर्ट@ईश्वर शुक्ला)
मुनिकीरेती/उत्तराखंड भास्कर-  क्रेजी पर्यटन एवं विकास मेला 2026 का आयोजन इस वर्ष सात दिनों तक भव्य, आकर्षक एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित “जीरो वेस्ट” थीम पर किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण को मेलाध्यक्ष तथा वरिष्ठ समाजसेवी चंद्रवीर पोखरियाल को मेला संयोजक चुना गया।

मंगलवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभासदों, पूर्व मेला समिति सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने मेले को और अधिक आकर्षक बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि यह मेला क्षेत्रीय जनता का मेला है, जिसमें सभी वर्गों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मेले में स्थानीय कलाकारों, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को विशेष मंच और अवसर प्रदान किए जाएंगे।

बैठक में क्रेजी फेडरेशन के अशोक क्रेजी ने बताया कि यह मेला महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति में आयोजित किया जाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। वरिष्ठ समाजसेवी चंद्रवीर पोखरियाल ने संस्था द्वारा पूर्व वर्षों में किए गए सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यों की जानकारी दी।

राफ्टिंग एसोसिएशन अध्यक्ष धर्मेन्द्र नेगी ने मेले को सात दिवसीय रखने का सुझाव देते हुए कहा कि बीते वर्षों में यह मेला व्यापक स्वरूप ले चुका है, जिससे क्षेत्र को अलग पहचान मिली है। उन्होंने योग कंसेप्ट, स्थानीय उत्पादों की बिक्री, पहाड़ी ड्रेस कोड और लोकल दुकानदारों को प्राथमिकता देने की बात कही।

पूर्व राज्य मंत्री रमेश उनियाल ने मेले के सफल आयोजन हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। लोकगायक विनोद बिजल्वाण ने मेले में रचनात्मक कार्यक्रम, गणतंत्र दिवस पर विद्यालयों का सामूहिक ध्वजारोहण, निबंध व खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का सुझाव रखा। सभासद विनोद खंडूडी ने नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम व बैनर लगाने की आवश्यकता बताई। बलदेव सिंह भंडारी ने मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की मांग की।

अंकिता शर्मा ने स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगाने का सुझाव देते हुए 21,000 की सहयोग राशि देने की घोषणा की। मधु रावत ने गढ़वाली रैंप शो आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।

बैठक में अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान सहित अनेक सभासद, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Back to top button