*एसआरएचयू रामलीला महोत्सव में ‘लंका दहन’ का भव्य मंचन, शिव आरती से हुआ शुभारंभ, अंगद-रावण संवाद और विभीषण मिलन ने बांधा समां*

(रिपोर्ट@संवाददाता) डोईवाला/उत्तराखंड भास्कर – स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जौलीग्रांट परिसर में हिमालयन रिक्रेएशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट (HRWT) की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव का शुभारंभ भगवान शिव की आरती से हुआ। आरती की गूंज से पूरा परिसर भक्ति और अध्यात्म से सराबोर हो गया।
इसके बाद मंचन में रामेश्वर पूजा, अंगद-रावण संवाद और विभीषण मिलन जैसे भावपूर्ण दृश्य प्रस्तुत किए गए। अंगद और रावण के बीच धर्म-अधर्म की वैचारिक टकराहट तथा विभीषण मिलन का दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहा ‘लंका दहन’। हनुमान के पराक्रम और धर्म के प्रति समर्पण को दर्शाते इस मंचन ने वातावरण को रोमांचक बना दिया। जैसे ही लंका भस्म हुई, पूरा परिसर “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा।
रामलीला के सभी पात्रों की भूमिका विश्वविद्यालय के स्टाफ और छात्रों ने निभाई, जिन्होंने अपने अभिनय से भारतीय संस्कृति और मर्यादा की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक बृज भूषण गैरोला, एसआरएचयू अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना और नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
विधायक गैरोला ने कहा कि “रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और मूल्यों की जीवंत परंपरा है। इससे नई पीढ़ी को मर्यादा, धर्म और करुणा जैसे गुण सीखने को मिलते हैं। हिमालयन विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ सांस्कृतिक चेतना को भी संजो रहा है।
रामलीला मंचन के बाद विश्वविद्यालय के स्टाफ फुटबॉल टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने खेल और संस्कृति के संतुलन को और प्रखर किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में HRWT की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




