*डोईवाला नगर पालिका को बड़ा सम्मान, अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2024-25 में द्वितीय स्थान, सीएम धामी ने किया सम्मानित*

(रिपोर्ट@भारत गुप्ता) डोईवाला/उत्तराखंड भास्कर – स्वच्छता और सफाई प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए डोईवाला नगर पालिका ने अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2024-25 में द्वितीय स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्य सेवा सदन में नगर पालिका को सम्मानित करते हुए 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि यह उपलब्धि नगरवासियों की सक्रिय भागीदारी और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में डोईवाला नगर पालिका को प्रदेश में पहला स्थान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने भी इसे टीमवर्क और जनता के सहयोग की जीत बताया। वहीं मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने कहा कि यह सम्मान केवल पालिका का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता का है। सफाई कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर स्वच्छता व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखा है।
इस अवसर पर सभासद ईश्वर रोथान, अवतार सिंह सैनी, राकेश डोभाल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डोईवाला नगर पालिका की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी है और आने वाले समय में इसे और ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया गया है।




