*मानव अधिकारों के प्रति जागरूक हुआ सर्वहारा नगर, समाज से कुरीतियों के उन्मूलन का लिया संकल्प, राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा, मेयर अनीता ममगाई और युवा नेता कनक धनाई रहे मुख्य अतिथि*

(रिपोर्ट@संवाददाता) ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर – सर्वहारा नगर में रविवार को मानव अधिकार युवा संगठन भारत की ओर से स्थानीय लोगों और महिलाओं को मानव अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर नगर की प्रथम मेयर अनीता ममगाई, युवा नेता कनक धनाई, पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी और शिक्षक हिमांशु रावत ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “हमें अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए, तभी समाज मजबूत और जागरूक बन सकता है।”
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अरुण शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजू सिसोदिया, प्रदेश अध्यक्ष अशरफी राणावत, प्रदेश अध्यक्ष प्रशासनिक जय भट्ट सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि नशाखोरी समाज को अंदर से खोखला कर रही है और परिवारों को बर्बादी की ओर धकेल रही है। लोगों ने एकजुट होकर इस बुराई के खिलाफ आवाज उठाने और समाज को नई दिशा देने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि संगठन का गठन समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त कर जनजागरण फैलाने के उद्देश्य से किया गया है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष अशरफी राणावत ने बताया कि महिला उत्पीड़न, दहेज, बाल श्रम, पुलिस की लापरवाही, भुखमरी, एफआईआर दर्ज न होना, बलात्कार, नशा मुक्ति और घूसखोरी जैसे मामलों में पीड़ित लोग संगठन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए संगठन पूर्ण प्रयास करेगा। कार्यक्रम में पंकज शर्मा, मनीष मनवाल, सोनिया सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।





