Blogउत्तराखंड भास्करएक्सक्लूसिव खबरेंबागेश्वरसिटी एक्सप्रेस स्पेशल

*कक्षा एक के छात्र गोलू पुरी बने ‘एनवायरमेंट हीरो’, दो वर्षों में लगाए 500 से अधिक पौधे, लोगों को भी कर रहे पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित*

बागेश्वर/उत्तराखंड भास्कर-  आज के दौर में जहां अधिकांश बच्चे मोबाइल और खेलों में व्यस्त रहते हैं, वहीं उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के ग्राम मजकोट के कक्षा एक के छात्र गोलू पुरी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में मिसाल बनकर उभर रहे हैं। राजकीय प्राथमिक विद्यालय मजकोट में अध्ययनरत नन्हे गोलू पुरी पिछले दो वर्षों से पर्यावरण जागरूकता अभियान चला रहे हैं और लोगों को अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

कम उम्र में ही गोलू पुरी अब तक 500 से अधिक पौधों का रोपण कर चुके हैं। खास बात यह है कि वे केवल पौधे लगाकर ही नहीं छोड़ते, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी करते हैं। गोलू अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पर्यावरण के महत्व के बारे में बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश देते हैं।

गोलू पुरी के इस सराहनीय प्रयास की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है। उनके कार्यों से प्रेरित होकर कई लोग उन्हें “एनवायरमेंट हीरो” के नाम से पहचान देने लगे हैं। गोलू का कहना है कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और इन्हें बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

विद्यालय प्रशासन, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग गोलू पुरी की इस पहल पर गर्व महसूस कर रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी लगन यह संदेश देती है कि अगर बचपन से ही प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो जाए, तो समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव संभव है। नन्हे गोलू की यह पहल अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

 

Related Articles

Back to top button