Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरदेहरादूनसम्मानित

*सीडीओ अभिनव शाह ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित, शपथ ग्रहण समारोह में दिखा नेतृत्व का उत्साह, हैप्पी होम मॉन्टेसरी स्कूल में भव्य इंडक्शन सेरेमनी संपन्न, छात्र-छात्राओं ने संभाली जिम्मेदारियां*

 

(रिपोर्ट@संपादक)                                        ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर-  हैप्पी होम मॉन्टेसरी स्कूल में छात्र नेतृत्व, अनुशासन और उत्तरदायित्व को समर्पित भव्य इंडक्शन सेरेमनी एवं शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) देहरादून अभिनव शाह (आईएएस) ने प्रतिभाग करते हुए विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और उत्तरदायित्व का दूसरा नाम है। विद्यालय स्तर पर जिम्मेदारियां निभाने वाले विद्यार्थी ही आगे चलकर समाज और राष्ट्र के सशक्त नागरिक बनते हैं।”                  समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद छात्रा पारुषि सरन द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने सभी को भावविभोर कर दिया। विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विभिन्न सदनों—अग्नि, विक्रांत, ध्रुव एवं पृथ्वी—के नव-निर्वाचित हाउस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, कक्षा मॉनिटर और छात्र परिषद सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। सभी विद्यार्थियों ने अपने दायित्वों को ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लिया।      कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने हाल ही में कक्षा 10 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साथ ही नमामि गंगे अभियान से जुड़े विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों एवं चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों को स्वच्छता, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।विद्यालय के निदेशक रमन सरन ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है, जहां बच्चों में नेतृत्व, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता विकसित की जाती है। प्रधानाचार्या एवं प्रबंधन समिति ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, समय पालन और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।                                                              कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, कनिष्ठ छात्रों के लिए आदर्श बनने और अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने की शपथ ली। वंदे मातरम के साथ समारोह का समापन हुआ।

 

 

Related Articles

Back to top button