Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशक्षेत्रीय समस्याखास खबरदेहरादूनसिटी एक्सप्रेस स्पेशल

*व्यापारियों और नगर निगम के बीच संवाद से निकला समाधान का रास्ता, नीरज भवन में सौ से अधिक व्यापारियों ने रखीं अपनी समस्याएं*

 

(रिपोर्ट@ईश्वर शुक्ला)                                      ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर-  नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ऋषिकेश एवं नगर निगम के बीच सोमवार को नीरज भवन में एक सामूहिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सौ से अधिक व्यापारियों ने प्रतिभाग कर नगर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। संवाद कार्यक्रम में नगर निगम महापौर शम्भु पासवान एवं सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट उपस्थित रहे।
संवाद के दौरान व्यापारियों ने अतिक्रमण, बाहरी राज्यों से आकर खुले में ठेली लगाने वालों की समस्या, कूड़ा प्रबंधन तथा गंगा कॉरिडोर से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है।


नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने बताया कि लंबे समय से व्यापारियों और नगर निगम के बीच आपसी समन्वय की कमी के चलते कई व्यवहारिक समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह संवाद आयोजित किया गया, ताकि दोनों पक्षों के बीच बेहतर तालमेल बन सके।
संस्था के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि व्यापारी हमेशा ऋषिकेश के विकास और हित में कार्य करते आए हैं। नगर निगम के साथ सामंजस्य बनाकर ही शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और उन्नत बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यापारी नियमों के विरुद्ध कार्य करता है तो संगठन उसका विरोध भी करेगा।
नगर निगम महापौर शम्भु पासवान ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि निगम द्वारा कोई ऐसा निर्णय नहीं लिया जाएगा जिससे व्यापारियों का अहित हो। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में व्यापारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और निगम–व्यापारी सहभागिता से ही शहर का विकास संभव है।

सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने संवाद के दौरान उठाए गए सभी मुद्दों पर निगम की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि किन-किन क्षेत्रों में क्या कार्य किए गए हैं तथा आगे किस प्रकार सुधार किया जाएगा।

इस संवाद कार्यक्रम में नरेश अग्रवाल, दीपक तायल, श्रवण जैन, विवेक तिवारी, प्रिंस मनचंदा, सुरेश सुरी, सुनील गुप्ता, प्रदीप दुबे, नवल कपूर, मनोज कालरा, आशु डंग, विक्की सेठी, विनोद कोठारी, मनोज टुटेजा, हितेंद्र पंवार, संजय भट्ट, पंकज चावला, आशु अरोड़ा, अभिषेक शर्मा सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Back to top button