*साइबर ठगी के शिकार युवक को राहत, पुलिस ने लौटाए 14,608 रुपये, हरपुर बुदहट पुलिस व साइबर सेल की तत्परता से पीड़ित को मिली रकम वापस*

(रिपोर्ट@संवाददाता)। हरपुर बुदहट/गोरखपुर। ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में हरपुर बुदहट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित आवेदक के खाते से ठगे गए ₹14,608 वापस दिलाकर बड़ी राहत पहुंचाई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में थाना हरपुर बुदहट की साइबर टीम ने प्रभावी कार्यवाही कर यह सफलता हासिल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को साइबर अपराधियों ने आवेदक के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर उक्त राशि निकाल ली थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और संबंधित बैंकिंग माध्यमों से समन्वय स्थापित कर पीड़ित की पूरी राशि 19 अप्रैल 2026 को वापस कराई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में त्वरित सूचना और सही समय पर की गई कार्रवाई से नुकसान की भरपाई संभव है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें और धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुमित कुमार एवं कांस्टेबल प्रकाश खरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।




