*देहरादून में भीषण गर्मी का प्रकोप, 27 अप्रैल को सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद*

(रिपोर्ट@संवाददाता)। देहरादून/उत्तराखंड भास्कर- जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव (लू) के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी/जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून द्वारा जारी आदेश के अनुसार 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी व निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के अनुसार देहरादून में अत्यधिक गर्मी और लू चलने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों, छोटे बच्चों और आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। विशेष रूप से हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है कि सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखते हुए अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, ठंडे पेयजल, ओआरएस और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।




