*ऋषिकेश में एमडीडीए का बड़ा एक्शन, अवैध बहुमंजिला निर्माणों पर सीलिंग अभियान, सलान गांव से निर्मल बाग तक 10 से अधिक निर्माण सील, अधिकारियों की मौजूदगी में चली कार्रवाई*

(रिपोर्ट@संवाददाता) ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर- मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक सीलिंग अभियान चलाया। संयुक्त सचिव गौरव चटवाल एवं एसडीएम ऋषिकेश के निर्देशों पर प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने सलान गांव और निर्मल बाग क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे बहुमंजिला भवनों पर कार्रवाई करते हुए 10 से अधिक निर्माणों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
अभियान की शुरुआत सलान गांव भगवंतपुर से की गई, जहां करन गुप्ता द्वारा बिना अनुमति बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इसके बाद निर्मल बाग ब्लॉक-बी लेन नंबर 10 में बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए अजय चौहान, रवि गुप्ता, विजय रावत, प्रवीन रमन, सगुन शर्मा, विजय नायर, अमन नायर, विवेक नायर एवं अजय नायर द्वारा किए जा रहे निर्माणों को भी सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार इन सभी निर्माणों में मानचित्र स्वीकृति एवं निर्माण मानकों का उल्लंघन पाया गया।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम में सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, सुरजीत सिंह, शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता मनीष डिमरी, अमित भारद्वाज, प्रवेश नौटियाल, हर्षित मौठानी एवं सचिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस बल की तैनाती में अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य से पूर्व मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




