*नर्सिंग सेवा के लिए ज्ञान, कौशल और संवेदनशीलता जरूरी : मेजर जनरल रेचल थोमस, एम्स ऋषिकेश में बीएससी नर्सिंग के नए बैच का शपथ ग्रहण समारोह, छात्राओं ने ली फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ*

(रिपोर्ट@संवाददाता) ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग के वर्ष 2026 बैच के लिए लैम्प लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नर्सिंग को ज्ञान, कौशल, अनुशासन और सेवाभाव से जुड़ा महत्वपूर्ण पेशा बताते हुए विद्यार्थियों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और नैतिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान प्रथम वर्ष की छात्राओं ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ लेकर निष्ठा और सेवाभाव से अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की एडिशनल डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल रेचल थोमस ने कहा कि नर्सिंग चुनौतीपूर्ण पेशा है, जिसमें मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ धैर्य, करुणा और समर्पण की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि एक कुशल नर्सिंग प्रोफेशनल के लिए वैज्ञानिक ज्ञान, क्लिनिकल अनुभव और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता का समन्वय जरूरी है। लैम्प लाइटिंग समारोह केवल परंपरा नहीं, बल्कि नर्सिंग के मूल्यों, व्यावसायिक ज्ञान और सेवाभाव को अपनाने का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, जवाबदेही और नैतिक आचरण बनाए रखते हुए शोध, शिक्षा, नेतृत्व और नीति निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने कहा कि नर्सिंग केवल पेशा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा का माध्यम है। इसमें ज्ञान और कौशल के साथ सकारात्मक दृष्टिकोण, ईमानदारी, मरीजों की गोपनीयता तथा नैतिक कार्यप्रणाली का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की सलाह भी दी। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल प्रो. (डॉ.) स्मृति अरोड़ा ने नए बैच को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के माध्यम से दक्ष, संवेदनशील और नैतिक रूप से जिम्मेदार पेशेवर तैयार किए जा सकते हैं। समारोह में डीन रिसर्च प्रो. संजीव मित्तल, उप निदेशक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत धमीजा, प्रो. रविकांत, डॉ. रश्मि मल्होत्रा, आयोजन सचिव सुश्री रुपिंदर देओल, राजेश कटारिया, मनीष शर्मा सहित कॉलेज ऑफ नर्सिंग के फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




