Blogउत्तराखंड भास्करऋषिकेशखास खबरदेहरादून

*दृष्टि है तो सृष्टि है : डॉ. राजे नेगी, विश्व दृष्टि दिवस पर स्कूली बच्चों की निशुल्क नेत्र जांच, आंखों की सुरक्षा के प्रति किया जागरूक*

 

(रिपोर्ट@संवाददाता)                                      ऋषिकेश/उत्तराखंड भास्कर- विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर नेगी आई केयर सेंटर, ऋषिकेश ने रोटरी ऋषिकेश क्लासिक के सहयोग से मालवीय मार्ग स्थित ब्रह्मदेवी राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-7 में निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया। शिविर में तीन दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं की आंखों और कलर विजन की जांच कर उन्हें नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। शिविर का शुभारंभ रोटरी ऋषिकेश क्लासिक के संस्थापक राकेश अग्रवाल और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ममता गौड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया।

नेगी आई केयर सेंटर के निदेशक डॉ. राजे नेगी ने सहयोगी मनोज नेगी के साथ बच्चों की जांच की। दूर की दृष्टि कमजोर पाए जाने वाले बच्चों को चिकित्सकीय परामर्श देते हुए चश्मा लगाने की सलाह दी गई। डॉ. राजे नेगी ने कहा कि स्वस्थ आंखों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार जरूरी है। बच्चों को हरी सब्जियां, मौसमी फल और दूध का सेवन करने के साथ मोबाइल, टीवी व कंप्यूटर के अनावश्यक और अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी।

रोटरी ऋषिकेश क्लासिक के संस्थापक राकेश अग्रवाल ने कहा कि क्लब जल्द ही विद्यालय के जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े सामाजिक कार्य आगे भी जारी रहेंगे। शिविर के आयोजन में क्लब अध्यक्ष संजय सकलानी, सचिव विजय रावत, कोषाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता तथा विद्यालय की शिक्षिकाओं रेनू वर्मा और बीना शर्मा ने सहयोग किया।

 

 

Related Articles

Back to top button