*28 दिन के आंदोलन का असर, ऊखीमठ में फिजिशियन नियुक्त, डॉ. किरण रावत ने संभाला कार्यभार, अन्य सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी*

(रिपोर्ट@हरीश चंद्र) ऊखीमठ/उत्तराखंड भास्कर। तहसील परिसर में 28 दिनों तक चले जनआंदोलन और क्षेत्रवासियों के संघर्ष का सकारात्मक परिणाम सामने आने लगा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में फिजिशियन के पद पर डॉ. किरण रावत ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने की मांग को लेकर क्षेत्र की जनशक्ति, युवा शक्ति, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर लंबा आंदोलन चलाया था। चिकित्सक की नियुक्ति को इस जनसंघर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को अब राहत मिलने की आशा है।
इस अवसर पर आंदोलनकारियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताते हुए कहा कि यह केवल एक चिकित्सक की नियुक्ति नहीं, बल्कि जनता की एकजुटता और निरंतर संघर्ष का परिणाम है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है। स्वास्थ्य केंद्र में अन्य आवश्यक चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति के साथ सभी चिकित्सा सुविधाओं का सुचारु संचालन उनकी प्राथमिकता है। इस दौरान अध्यक्ष कुब्जा धर्मवान, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, कांग्रेस कमेटी के जिला सोशल मीडिया अध्यक्ष कर्मवीर कुंवर, सामाजिक कार्यकर्ता दलवीर रावत, पूर्व सभासद बलवंत रावत, सभासद प्रदीप धर्मवान, राजेंद्र धर्मवान सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।




