*स्कूलों में पहुंच रही टिहरी पुलिस, छात्र-छात्राओं को दे रही सुरक्षा और साइबर जागरूकता का पाठ, एसएसपी श्वेता चौबे की पहल पर कीर्तिनगर के जीजीआईसी न्यूली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

(रिपोर्ट@संवाददाता) टिहरी गढ़वाल/उत्तराखंड भास्कर- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की पहल पर टिहरी पुलिस द्वारा जनपद भर में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज न्यूली, कीर्तिनगर में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
महिला उपनिरीक्षक सुषमा रावत एवं पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को “गुड टच-बैड टच”, महिला हेल्पलाइन, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के साथ नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने को लेकर भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से कई सवाल पूछे, जिनका सरल और प्रभावी ढंग से जवाब दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। इस अवसर पर करीब 85 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।




