*बजरंग सेतु और हिलान्स भोजनालय का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, परियोजनाओं की प्रगति, सुरक्षा मानकों और स्थानीय आजीविका गतिविधियों का लिया जायजा*

(रिपोर्ट@संवाददाता) ऋषिकेश/तपोवन/उत्तराखंड भास्कर – उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने बुधवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन क्षेत्र में स्थित बजरंग सेतु तथा नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तपोवन में बजरंग सेतु के स्थलीय निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की तकनीकी विशेषताओं, इंजीनियरिंग संरचना और निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव को दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष ध्यान देने को कहा और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इसके बाद मुख्य सचिव ने प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, बिक्री और परियोजना से जुड़े वित्तीय सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रीप परियोजना से छह लाख रुपये, बैंक ऋण से तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ योगदान के रूप में एक लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई है, जिससे इस उद्यम को स्थापित किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिकाधिक वृक्षारोपण कराने, परिसर को आकर्षक बनाने तथा मेनू को स्पष्ट और सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय पर्यटन, स्वरोजगार और आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सरकार इन गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन देगी।
निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण विभाग, औद्योगिक विकास, खनन एवं आयुष डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, नगर पंचायत तपोवन अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल, डीडीओ मोहम्मद असलम, ईओ तपोवन अंजलि, बीडीओ श्रुति वत्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




